कई बड़े खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज किया जा चुका है।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) की तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। ऑक्शन से पहले सभी टीमें अपने-अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर रही हैं। पीकेएल के 12वें सीजन के लिए ऑक्शन इस बार 31 मई और 1 जून को होगा। इसी वजह से हर एक फ्रेंचाइजी अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई है। ऑक्शन के दौरान कई सारे बड़े खिलाड़ियों पर भी बोली लगेगी क्योंकि इनकी टीमों ने इन्हें रिलीज कर दिया है।
इस लिस्ट में 11 मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, बेस्ट रेडर, मोहम्मदरेजा शादलू और देवांक दलाल जैसे खिलाड़ी हैं। इसके अलावा कुछ और बड़े नाम भी ऑक्शन के दौरान नजर आएंगे जिनके लिए काफी महंगी बोली लग सकती है। तो चलिए हम आपको बताते हैं कि वो टॉप-10 खिलाड़ी कौन-कौन से हैं जिन्हें अधिकारिक तौर पर पीकेएल 12 के ऑक्शन से पहले रिलीज किया जा चुका है।
10. विजय मलिक
विजय मलिक ने जिस भी फ्रेंचाइजी के लिए खेला है उनके लिए काफी बढ़िया योगदान दिया है। इस बात को तेलुगु टाइटंस के कोच कृष्ण कुमार हूडा से बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। उनके गाइडेंस में ही विजय मलिक ने पीकेएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। विजय मलिक ने पिछले सीजन टाइटंस की तरफ से खेलते हुए 183 पॉइंट्स लिए थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें रिलीज कर दिया गया।
9. देवांक दलाल
पटना पाइरेट्स की टीम ने अगर 11वें सीजन के दौरान फाइनल तक का सफर तय किया था तो उसमें बहुत बड़ा योगदान देवांक दलाल का रहा था। उन्होंने 300 से ज्यादा रेड पॉइंट्स लिए थे और तमिल थलाइवाज के खिलाफ मैच में 25 रेड पॉइंट्स लाकर नया रिकॉर्ड बना दिया था। उन्हें बेस्ट रेडर का अवॉर्ड भी मिला था लेकिन इसके बावजूद उन्हें रिलीज कर दिया गया है।
8. सचिन तंवर
सचिन तंवर पीकेएल 2024 के ऑक्शन के दौरान सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी रहे थे। तमिल थलाइवाज ने उन्हें 2 करोड़ 17 लाख की रकम में खरीदा था। हालांकि सचिन तंवर का प्रदर्शन बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा था। उन्हें बीच सीजन ही टीम से ड्रॉप कर दिया गया था और अब रिलीज भी कर दिया गया है।
7. फजल अत्राचली
पीकेएल इतिहास के सबसे सफल डिफेंडर फजल अत्राचली पिछले सीजन बंगाल वारियर्स की टीम का हिस्सा थे। उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया था। फजल ने एक खिलाड़ी के तौर पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और 63 टैकल पॉइंट्स लिए थे लेकिन कप्तान के तौर पर वो टीम को प्लेऑफ में नहीं ले जा पाए थे। अब उन्हें रिलीज कर दिया गया है।
6. परदीप नरवाल
प्रो कबड्डी इतिहास के सबसे सफल रेडर परदीप नरवाल को भी रिलीज कर दिया गया है। पिछले सीजन वो बेंगलुरु बुल्स का हिस्सा थे लेकिन उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा था। वो 20 मैचों में सिर्फ 111 पॉइंट्स ही ले सके थे। ऐसे में उनके ऊपर तलवार लटक रही थी। वो इस सीजन भी ऑक्शन का हिस्सा होंगे।
5. आशु मलिक
आशु मलिक को रिलीज किए जाने से हर किसी को हैरानी हुई। पिछले दो सीजन में आशु मलिक ने दबंग दिल्ली के लिए जिस निरंतरता के साथ परफॉर्म किया है वो काबिलेतारीफ है। उन्होंने 10वें सीजन में 276 रेड पॉइंट्स और 11वें सीजन में 262 रेड पॉइंट्स लिए लेकिन इसके बावजूद दबंग दिल्ली ने उन्हें रिलीज कर दिया।
4. मोहम्मदरेजा शादलू
हरियाणा स्टीलर्स को चैंपियन बनाने में मोहम्मदरेजा शादलू का योगदान काफी अहम रहा था। उन्होंने पिछले सीजन सबसे ज्यादा 82 टैकल पॉइंट्स हासिल किए थे। इसके बावजूद वो एक बार फिर ऑक्शन में नजर आएंगे। शादलू का अभी तक का पीकेएल करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने चार सीजन अभी तक खेले हैं जिसमें से तीन सीजन फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में उनके लिए ऑक्शन में महंगी बोली लग सकती है।
3. पवन सेहरावत
तेलुगु टाइटंस ने अपने पिछले सीजन के कप्तान पवन सेहरावत को रिलीज कर दिया है। ऑक्शन के दौरान उनके ऊपर हर किसी की निगाह रहेगी कि कितनी महंगी बोली उनके लिए लगती है। पिछले चार सीजन से हर बार उन्हें रिलीज किया जाता रहा है लेकिन उनके लिए अच्छी-खासी बोली भी ऑक्शन में लगी है।
2. नवीन कुमार
दबंग दिल्ली के स्टार रेडर नवीन कुमार अपने करियर में पहली बार ऑक्शन का हिस्सा होंगे। पिछले कई साल से वो दबंग दिल्ली के लिए लगातार खेल रहे थे लेकिन इस बार उन्हें रिलीज कर दिया गया है। वो पीकेएल में सिर्फ एक टीम के लिए 1000 से ज्यादा पॉइंट्स लेने वाले इकलौते प्लेयर हैं और इस साल उनके लिए ऑक्शन में काफी महंगी बोली लग सकती है।
1. अर्जुन देशवाल
पीकेएल के 10वें सीजन में जब जयपुर पिंक पैंथर्स ने दूसरी बार टाइटल जीता था तो उसमें अर्जुन देशवाल का योगदान काफी ज्यादा रहा था। उन्होंने पिछले सीजन भी 227 पॉइंट्स हासिल किए थे। हालांकि संजीव बालियान के जयपुर से जाते ही अर्जुन देशवाल को भी रिलीज कर दिया गया और अब वो ऑक्शन का हिस्सा होंगे।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.